banner

उम्मीदों से भरा 'वीओआई' आन एयर

E-mail Print PDF

वायस आफ इंडिया उर्फ वीओआई को आज सुबह पूरी तरह री-लांच कर दिया गया। दर्जनों झटके-थपेड़े झेल चुके इस न्यूज चैनल का लाइव बुलेटिन आज सुबह-सुबह टेलीकास्ट किया गया। चैनल के पूरी तरह आन एयर होते ही वीओआईकर्मियों में खुशी की लहर दौड़ गई। चैनल के नोएडा स्थित मुख्यालय के कैंपस में कर्मियों ने पटाखों के जरिए अपनी खुशी का इजहार किया। 'सिर्फ खबर' की टैगलाइन के साथ आन एयर हुए वीओआई के नए अवतार की कई खासियत  गिनाई गई है। नंबर एक- इसे पूरी तरह न्यूज चैनल रखा जाएगा। आशय ये कि दूसरे इंटरटेनमेंट चैनलों के नाच-गाना, हंसी, कामेडी, रीयलिटी शो जैसे कार्यक्रमों को किसी हालत में वीओआई पर न दिखाने के निर्देश चैनल के मैनेजिंग डायरेक्टर अमित सिन्हा ने दिए हैं।

नंबर दो- चैनल राष्ट्रीय होने के बावजूद प्रदेशों की खबरों को दिखाने का फैसला लिया गया है ताकि दर्शक देश के कोने-कोने में घटित घटनाओं से वाकिफ रहें। इसके लिए एक घंटे का स्पेशल शो 'वन इंडिया' नाम से रखा गया है। नंबर तीन- सिर्फ नकारात्मक खबरें ही खबरें नहीं होती बल्कि देश में जो कुछ अच्छा हो रहा है, उसे भी खबर का हिस्सा बनाने का फैसला लिया गया है। प्रत्येक न्यूज बुलेटिन में आखिरी के पांच-दस मिनट 'एक्स्ट्रा न्यूज' नाम से होगा जिसमें देश में घटित होने वाली अच्छी चीजों को न्यूज के रूप में दिखाया जाएगा। रात नौ से दस बजे प्राइम टाइम के वक्त एक घंटे का 'बिग बुलेटिन' नामक न्यूज कार्यक्रम प्रसारित किया जाएगा। शाम को एक घंटे 'वाह इंडिया' नामक कार्यक्रम होगा जिसमें पाजिटिव न्यूज के बारे में बात होगी।

वीओआई की टीम में कल्याण कुमार और सचिन सिंह भी जुड़ गए हैं। कल्याण एसाइनमेंट और आउटपुट के बीच कोआर्डिनेशन का काम देखेंगे। सचिन फिलहाल एसाइनमेंट से जुड़े हैं। चैनल से जुड़े लोगों का कहना है कि महीने भर के भीतर चैनल के डिस्ट्रीव्यूशन को दुरुस्त कर लिया जाएगा और यह तकरीबन देश के हर हिस्से में दिखने लगेगा। फिलहाल चरणबद्ध तरीके से डिस्ट्रीव्यूशन पर काम शुरू किया जा चुका है।

चैनल को आन एयर कराने में तकनीकी एक्सपर्ट श्याम साल्वी और विवेक बख्शी की प्रमुख भूमिका रही है। सूत्रों के मुताबिक जूम द्वारा अपना सामान ले जाने के बाद श्याम साल्वी ने दिन-रात मेहनत कर कम रिसोर्सेज में तीन दिनों के अंदर ही चैनल में इंटरनल काम शुरू करा दिया। चैनल को आन एयर कराने के बाद  श्याम साल्वी अब वीओआई के रीजनल न्यूज चैनलों को लांच कराने लिए तकनीकी सेटअप और इंटीग्रेशन के काम में जुट गए हैं।

चैनल के शुरू होने पर भड़ास4मीडिया से बातचीत में मैनेजिंग डायरेक्टर अमित सिन्हा ने कहा कि वीओआई के री-लांच होने में सबसे बड़ी भूमिका स्टाफ की रही है। वीओआई सिर्फ मेरा नहीं है बल्कि प्रत्येक स्टाफ का है। स्टाफ ने इसे अपना चैनल समझकर दिन-रात मेहनत की है। हर आदमी चाहता है कि वीओआई को कैसे बढ़ाया जाए। हम उम्मीद करते हैं कि सभी लोगों की एकजुटता से हम चैनल को एक दिन अलग मुकाम पर ले जाने में सफल होंगे।

वीओआई के ग्रुप एडिटर किशोर मालवीय ने बताया कि चैनल पर सिर्फ खबरें दिखाने को मैनेजमेंट ने कहा है। किसी पत्रकार के लिए इससे ज्यादा खुशी की बात नहीं हो सकती। पिछले कुछ महीनों का अनुभव बेहद खराब रहा। हम लोग खबरों में रहे तो सिर्फ नकारात्मक वजहों से। अब अच्छा करने का मौका है। वीओआई की टीम यह साबित करने का माद्दा रखती है कि खबरों के जरिए किसी न्यूज चैनल को आगे बढ़ाया जा सकता है। हम लोग अपना बेस्ट देने की कोशिश कर रहे हैं।

वीओआई के आन एयर होने के बाद दिखाए कुछ कार्यक्रमों की तस्वीरें...

Comments (0)Add Comment

Write comment

busy
 

 

बी4एम मेल से पढ़ें, क्लिक करें-

B4M by E-mail