डील रद्द : हमार टीवी और फोकस टीवी ने उत्तर प्रदेश में डिस्ट्रिब्यूशन और मार्केटिंग के किए गए अपने करार को रद्द कर दिया है। इन दोनों टीवी चैनलों को संचालित करनेवाली कंपनी एमथ्रीएम ने लखनऊ के मनीष कुमार श्रीवास्तव को इसी महीने प्रदेश में ब्यूरो का जिम्मा सौंपा था। करार के तरत यह तय हुआ था कि मनीष कुमार श्रीवास्तव हमार और फोकस टीवी के लिए खबरें भेजने के साथ साथ दोनों चैनलों की मार्केटिंग और डिस्ट्रिब्यूशन का काम भी संभालेंगे। मनीष ने कंपनी को भरोसा दिलाया था कि पूरे उत्तर प्रदेश में दोनों चैनलों के डिस्ट्रिब्यूशन पर होने वाले खर्च को वो वहन करेंगे और बदले में कंपनी को शुरू के तीन महीने में 6 लाख रुपये (तीन लाख हमार और तीन लाख फोकस के लिए) देंगे। उसके बाद के महीनों में दस लाख रुपये देने की बात कही गई थी। एमथ्रीएम मीडिया ने मनीष से वादा किया था कि वो लखनऊ में उन्हें एक ओबी वैन उपलब्ध करायेगी। यह भी समझौता हुआ था कि दोनों चैनलों के मौजूदा स्टाफ को मनीष अपनी टीम में समायोजित करेंगे लेकिन उनका वेतन पहले की तरह एमथ्रीएम मीडिया ही देती रहेगी।
यह समझौता 5 दिसंबर को हुआ था लेकिन 27 दिसंबर को एमथ्रीएम मीडिया ने बिना कोई कारण बताये यह समझौता रद्द कर दिया। हमार टीवी के सूत्रों के मुताबिक चैनल ने इस सूचना के बाद यह समझौता रद्द किया कि यूपी में हमार और फोकस टीवी के नाम पर स्ट्रिंगरों की नियुक्ति के नाम पर भारी पैसे की मांग शुरू हो गई है। कुल मिलाकर मनीष कुमार श्रीवास्तव ने हमार टीवी और फोकस टीवी को सालाना करोड़ों रुपये का जो बिजनेस देने का सब्जबाग दिखाया था वो परवान नहीं चढ़ सका। हमार और फोकस टीवी के अधिकारिक प्रवक्ता के मुताबिक मनीष कुमार श्रीवास्तव के साथ अब दोनों चैनलों का कोई लेना-देना नहीं है और ऐसे में कोई अगर मनीष के साथ कोई लेन-देन करता है तो उसके लिए चैनल किसी भी रूप में जिम्मेदार नहीं होगा।

written by s.k., February 05, 2010
written by ranjit kumar ,ranchi, January 14, 2010
| < Prev | Next > |
|---|






